राजधानी रांची व आसपास के जिलों में हुई रिमझिम फुहारों ने तापमान गिरा दिया है। पिछले कुछ दिनों से आसमान में छाए आंशिक बादल के कारण जहां तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही थी वहीं 27 फरवरी को हुई वर्षा ने लोगों ने कुछ राहत दी है।शहर के निचले हिस्से में जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 28 फरवरी को भी राजधानी समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और मौसम शुष्क बना रहेगा।वहीं 29 फरवरी और 1 मार्च को राजधानी के मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं 2 मार्च को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।

मंगलवार को 30 से 40 किमी की रफ्तार से बह रही हवा और आसमान में छाए आंशिक बादल ने तापमान में परिवर्तन ला दिया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 2 मार्च को राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, चतरा, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में कहीं कहीं मेघगर्जन व वज्रपात के साथ साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। वहीं 3 और 4 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है, इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 3 मिमी पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव में रिकार्ड की गई।वहीं अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री जमशेदपुर का जबकि न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री गोड्डा का रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम 28.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।