झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षा सामरोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार की सुबह लगभग 10:20 बजे वायु सेना के हेलीकाप्टर से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट परिसर के अंदर ही राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने उनका स्वागत किया।

CUJ के दीक्षा समारोह में शामिल हुईं राष्‍ट्रपति 

इसके बाद लगभग 10:40 बजे उनका कारकेड एयरपोर्ट के पिछले गेट से बाहर निकला और मनातू स्थित झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय की ओर रवाना हुआ। दीक्षा समारोह में शामिल होने के बाद दोपहर लगभग 2:50 बजे राष्ट्रपति वापस बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची।

इस दौरान राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने उन्हें भावपूर्ण विदाई दी। इसके बाद एयरपोर्ट के रनवे पर लगभग 400 मीटर की दूरी तक उड़ान भरने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का हेलीकाप्टर वापस लौटा।

400 मीटर की दूरी तय कर वापस लौटा हेलीकॉप्‍टर

एयरपोर्ट अथाॅरिटी की ओर से बताया कि एयरपोर्ट के रनवे पर उड़ान भरने के दौरान लगभग 400 मीटर की दूरी तय करने के बाद राष्ट्रपति का हेलीकाप्टर वापस लौटा। विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद वह वायु सेना के दूसरे हेलीकाप्टर से ओडिशा के लिए उड़ान भरी।

राष्‍ट्रपति के आगमन पर सुरक्षा व्‍यवस्‍था सख्‍त

राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के अधिकारी व जवान तैनात थे। एयरपोर्ट से हिनू चौक तक सभी बाइलेन को बेरिकेड कर बंद कर दिए गए थे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से जगह-जगह पुलिस अधिकारी व जवान तैनात थे।

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से हिनू चौक तक डिवाइडर के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के होर्डिंग्स भी लगाए गए थे। सफाई के साथ-साथ सड़क के किनारे ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव भी किए गए थे।