मध्य प्रदेश नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जहां एक बार फिर बढ़त हासिल किए हुए है इस बीच सिंगरौली में आम आदमी पार्टी (आप) ने धमाकेदार एंट्री की है। सिंगरौली में आप ने कांग्रेस और बीजेपी को तगड़ा झटका देते हुए 21 वार्ड में बढ़त हासिल कर ली है। यहां भाजपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे नंबर पर है। सिंगरौली के 45 वार्ड के रुझान अब तक सामने आए हैं। भाजपा 09 सीटों पर आगे चल रही है तो कांग्रेस को 06 वार्ड में बढत हासिल है। वहीं आम आदमी पार्टी ने सभी को चौंकाते हुए करीब 17 वार्ड में बढ़त हासिल कर ली है, कुछ पर निर्दलीय प्रत्याशी आगे हैं। वहीं, मेयर पद पर भी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। उधर, ओरछा नगर परिषद के वार्ड नंबर 3 में भी आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी गीता कुशवाहा ने जीत हासिल की है।

दोपहर 12 बजे तक आए नतीजों के मुताबिक, भाजपा नगरीय निकाय चुनाव में बढ़त बनाए हुए है। हालांकि, कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन में अच्छा सुधार किया है। पिछले चुनाव में जहां भाजपा ने सभी 16 नगर निगम में मेयर पद हासिल किया था तो वहीं इस बार कई सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। आज 11 नगर निगम सीट के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में भोपाल और इंदौर नगर निगम सहित प्रथम चरण में हुए 44 जिलों के 133 नगर निकाय के चुनाव के लिए मतगणना सुबह 9 बजे से हो रही है। 6 जुलाई को पहले फेज में 11 नगर निगम, 36 नगरपालिका परिषद और 86 नगर परिषद में मतदान हुआ था। दूसरे फेज में 13 जुलाई को प्रदेश के पांच नगर निगम सहित जिन 214 नगर निकायों में मतदान हुआ था, वहां 20 जुलाई को सुबह 9 बजे से मतगणना होगी।