गांव किरमिच के पास नरवाना ब्रांच नहर में बहे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दोनों छात्रों के शव करीब 12 घंटे बाद नहर से मिल गए हैं। एनआइटी सिविल इंजीनियरिंग के चौथे वर्ष के छात्र अनुभव का  शव सुबह साढ़े सात के बजे मिला। इसके बाद दूसरे छात्र राहुल त्रिपाठी का शव साढ़े नौ बजे मिला है। 

नहर में बहे छात्रों की तलाश में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के गोताखाेर राजेश हुड्डा के नेतृत्व में रात दो बजे तक सर्च अभियान चलाया गया। इसके बाद सुबह छह बजे सर्च अभियान दोबारा शुरू किया गया। दोनों छात्रों के शव पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल भेज दिए गए हैं। छात्रों के स्वजनों को हादसे की सूचना भेज दी गई है।

नहर में नहाते हुए बह गए

केयूके थाना पुलिस के अंतर्गत गांव किरमिच से करीब एक किलो मीटर की दूरी पर स्थित नरवाना ब्रांच नहर पुल के समीप मंगलवार शाम को नहाने गए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दो छात्र नहर में नहाते हुए बह गए थे। रातभर उनकी नहर में तलाश चलती रही। बुधवार सुबह कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के गोताखोर राजेश हुड्डा के नेतृत्व में चले सर्च अभियान में दोनों छात्रों को शव बरामद किए।

एक दिल्ली से तो दूसरा यूपी का रहने वाला था

छात्र राहुल त्रिपाठी उत्तर प्रदेश के जिला प्रयागराज के अलाहपुर के शिव नगर कालोनी के 3/1 ईडब्ल्यूएस का रहने वाला था। वहीं दूसरा छात्र अनुभव दिल्ली के पालम पाकेट 13, डीडीए फ्लैट नंबर 193 का रहने वाला था। दोनों राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के सिविल ब्रांच के चौथे वर्ष के छात्र थे।

घटना गांव से दूर होने पर नहर किसी तरह की बिजली का प्रबंध न होने पर सर्च अभियान चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस के साथ-साथ गोताखोर और अन्य अधिकारी भी मौके पर डटे रहे।