लखनऊ| यूपी की राजधानी लखनऊ में इस बार आठ और नौ अक्टूबर को आरोग्य भारती का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होगा। इसमें सात सौ से अधिक चिकित्सक जुटेंगे। इस दौरान चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नए बदलाव और मरीजों को राहत देने के लिए अपनाई जा रही रणनीति पर मंथन होगा। आरोग्य भारती अवध प्रांत के प्रांतीय सचिव डॉ. इंद्रेश कुमार ने बताया कि अधिवेशन का भव्य उद्घाटन आठ अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह कार्यवाह डॉक्टर मनमोहन वैद्य उपस्थित रहेंगे। अधिवेशन के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता आरोग्य भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. राकेश पंडित करेंगे।

उन्होंने बताया कि कानपुर रोड स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल परिसर में आठ और नौ अक्तूबर को होने वाले आरोग्य भारती के राष्ट्रीय अधिवेशन में विभिन्न प्रदेशों में अपनाई जा रही चिकित्सा मॉडल पर भी चर्चा होगी।

आरोग्य भारती के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सह संयोजक डॉ. संग्राम सिंह ने बताया कि आरोग्य भारती स्वास्थ्य के क्षेत्र में अखिल भारतीय स्तर पर काम करने वाला सेवा संगठन है। प्रतिवर्ष संपूर्ण देश के सभी प्रांतों की कार्यकारिणी के सभी कार्यकर्ता अखिल भारतीय प्रतिनिधि मंडल बैठक मे शामिल होते हैं। अधिवेशन में विगत वर्ष में संपन्न कार्य की जानकारी, संगठन के वर्तमान कार्यों की समीक्षा और आगामी वर्ष में किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा होगी।