भोपाल।  प्रदेश में पंचायतों के चुनाव, नगरीय निकाय चुनाव का बिगुल फूंक चुका है, इसलिए अब सभी 15 जुलाई तक पूरी तरह चुनावी मैदान में डट जाओ। पंचायत के चुनाव पार्टी आधारित नहीं होते हैं, लेकिन पंचायतों में भी भाजपा समर्थक एवं पार्टी हितैषी उम्मीदवार चुनाव लड़े और नगरीय निकाय के चुनाव में प्रदेशभर के सभी वार्डों में भाजपा की जीत हो, ऐसी चुनावी तैयारी करो। इस बार कांग्रेस सहित अन्य दलों का पूरी तरह इन चुनावों में सफाया हो। पूरे प्रदेश को कांग्रेस मुक्त प्रदेश बनाना है। देश को कांग्रेस मुक्त बनाने के लिए हमारा राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुटे हुए हैं। हम सबको प्रदेश को कांग्रेस मुक्त प्रदेश बनाना है। ये बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पर आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की वृहद बैठक को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश कार्यसमिति के शुभारंभ में वंदे मातरम गायन हुआ, जिसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।


अब हमारे पास नीति है, नीयत है और नेता भी हैं : जेपी नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो भाजपा का संगठन है उसको खड़ा करने में हमारी चार-चार पीढ़ियां खप गई हैं। हमारे पास पाने को कुछ नहीं था, लेकिन खोने को सब कुछ था। इसके बाद भी कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे कुशल संगठकों ने जनसंघ से लेकर भाजपा तक अपना खून-पसीना पार्टी को दिया और इसी का परिणाम है कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है। आज हमारे पास नीति है, नीयत है, नेता, जज्बा है, लक्ष्य है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व भी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने कहा कि याद करो वह हमारी पहली पीढ़ी जिसने जनसंघ की स्थापना के बाद कितना संघर्ष किया, दूसरी पीढ़ी में संघर्ष जारी रहा और फिर तीसरी पीढ़ी ने भाजपा को चुनावों में जीत दिलाना शुरू किया। अब हमारी चौथी पीढ़ी कहती है कि हम अब चुनाव नहीं बल्कि चुनावों को जीतेंगे। हर राज्य में भाजपा की सरकार बनाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने कहा कि मेरा यह सौभाग्य है कि मुझे भोपाल में आने का मौका मिला। भोपाल की धरती कई महापुरूषों की धरती रही है। यहां पर राजाभोज जैसे पराक्रमी योद्धा रहे, तो रानी कमलापति जैसी महान क्रांतिकारी महिला ने जन्म लिया। इस धरती ने देश को कई सपूत और महान योद्धा दिए हैं। ऐसी पवित्र धरती को मैं शीश झुकाकर नमन करता हूं, प्रणाम करता हूं।


हम कार्यकर्ताओं की दम पर ही विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हैं
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में कई आयामों को गढ़ रही है। हमारी पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। आज हम जो कुछ भी हैं इन्हीं पार्टी के कार्यकर्ताओं की बदौलत है। हम कार्यकर्ताओं की दम पर ही विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि हम देशभर में कुशाभाऊ ठाकरे जनशताब्दी मना रहे हैं। वे हमारे संगठन के सूत्रधार रहे, संगठन की नींव रहे। जनशताब्दी वर्ष को लेकर कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।


काम करना है, लेकिन क्वालिटी का काम करना है
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने कार्यसमिति में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हम भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं। हम पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन हमें पार्टी के लिए क्वालिटी वाला काम करना है। हमारा संगठन आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और हमारे दल पर देश-दुनिया की निगाहें टिकी हुई रहती है, इसलिए हमें ऐसा कोई काम नहीं करना है, जिसके कारण हमारी पार्टी की एवं हमारे नेताओं की छवि खराब हो। हम आंकड़ों पर आधारित बात करें, हम मुद्दों पर बोलें। श्री नड्डा ने उदाहरण देते हुए समझाया कि भगवान जगन्नाथजी का रथ कौन खींचता है। सब रस्सी पकड़कर चलते हैं, लेकिन फिर भी रथ लगातार चलता रहता है। ऐसा ही भाजपा का संगठन है और हम सब रस्सी पकड़कर चल रहे हैं और हमारा संगठन लगातार आगे बढ़ रहा है, नए आयामों को गढ़ रहा है।


कई सारी पार्टियां आईसीयू में चली गई
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा ने सेवा, सुशासन और गरीबों के कल्याण के लिए कई कार्य किए हैं। कोरोना काल में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सेवा की मिसाल कायम की। कोरोना काल में तो कई सारी पार्टियों के नेता आईसीयू में चले गए, पार्टियां वेंटीलेटर पर आ गई, ऑक्सीजन पर चली गई। उनके नेता ट्वीटर पर ही दिखते थे, फेसबुक पर ही दिखते थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी जानों को जोखिम में डालकर जमीन पर उतरकर सेवा के कार्य किए हैं। लोगों की मदद की है, उन्हें उनके घरों तक पहुंचाया है। सेवा हमारे रग-रग में है। श्री नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों में सिर्फ देश को बर्बाद किया है। उनके तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि वे एक रुपए केंद्र से भिजवाते हैं, लेकिन हितग्राही तक 10 पैसे ही पहुंचते हैं, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसा नहीं होता है। अब तो सीधे बैंक खातों में राशि ट्रांसफर होती है। अब सरकारी योजनाओं में कोई भ्रष्टाचार नहीं करता है।


अब जातिवाद, वंशवाद मुद्दे नहीं होते हैं
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने कहा कि हम चुनाव लड़ते थे, लेकिन उस समय कांग्रेस के मुद्दे जातिवाद, वंशवाद, परिवारवाद होते थे, लेकिन अब चुनावों में मुद्दे गरीब, शोषित आदिवासियों का कल्याण, उनका उत्थान हो गया है। अब मोदी है तो मुमकिन है, यह राजनीति का स्लोगन बन गया है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री जी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार विकास के नए आयाम गढ़ रही है। गरीबों का जीवन बदल रहे हैं, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवा रहे हैं, बेटियों की शादी निःशुल्क की जा रही है, उनकी पढ़ाई सरकार करवा रही है। 80-90 के दशक में मध्यप्रदेश एक बीमारू राज्य की श्रेणी में आता था, लेकिन अब मध्यप्रदेश का नाम विकासशील, विकसित राज्य की श्रेणी में आता है।


नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में महाविजय दिलाने का संकल्प लें : चौहान
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने वृहद कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि जब सवा साल की कमलनाथ सरकार थी तब भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर बुल्डोजर चलवाया था लेकिन हमारी सरकार गुंडों, बदमाशों के घरों पर बुल्डोजर चला रही है। गुंडो और बदमाशों से छुडाई जमीनों को गरीबों में बांटने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संगठन की असली परीक्षा चुनाव में होती है। पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही चुनाव का शंखनाद हो चुका है। आज कार्यसमिति से एक लक्ष्य लेकर और संकल्प लेकर जाएं कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा को महाविजय दिलाकर ही हम चैन की सांस लेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की योजनाओं से एक बडा वर्ग लाभान्वित है। अगर हम इन हितग्राहियों से संवाद करके उनको पार्टी से जोड लेंगे तो कोई भी ताकत भाजपा को नहीं हरा सकती है। कार्यकर्ता सरकार के काम को अपने हाथों में लेकर हितग्राहियों तक पहुंचे, उनसे संवाद करें। की वोटर्स से संपर्क और महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रूप से संवाद करें, पूरा फोकस चुनाव पर करें। जनता को साथ लेकर हर नगरपालिका, परिषद और वार्ड में भाजपा को जिताने में हम सफल होंगे।


नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा का विस्तार हुआ
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगठन को नई उंचाईयां दी है। कोरोनाकाल में जब कांग्रेस के नेता घर में बैठकर ट्वीट करते थे, तब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी के आव्हान पर पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने आमजन की सेवा की। प्रवासी मजदूरों को बस और अन्य सुविधाएं देकर उन्हें घर तक पहुंचाया और मजदूरों के पैरों में जूते और चप्पल भी पहनाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा बधाई के पात्र है कि जिनके नेतृत्व में बूथ विस्तारक योजना का सबसे आदर्श कार्य मध्यप्रदेश में हुआ है। ठाकरे जी की प्रेरणा से ही सहयोग निधि प्रारंभ हुई थी। हमने तय किया है कि पार्टी के जो रूटीन के कार्य है वे कार्यकर्ताओं की परिश्रम और पसीने की कमाई से ही चलेगा। नड्डा जी के नेतृत्व में हम लगातार आगे बढ रहे है। आज भाजपा उनके नेतृत्व में दुनिया का सबसे बडा संगठन बना है।


स्वावलंबी मंडल बनाने के लिए काम कर रहा संगठन : विष्णुदत्त शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने वृहद प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन शिल्पी कुशाभाऊ ठाकरे जी ने अपने जीवन का हर पल और हर क्षण संगठन को समर्पित किया। उनके जन्मशताब्दी वर्ष में भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता ने 100 घंटे लगाकर भाजपा संगठन को मजबूत किया। बूथ को डिजिटल बनाने के लिए हर कार्यकर्ता ने काम किया। आज बूथ विस्तारक योजना के अंतर्गत 95 प्रतिशत बूथ डिजिटल हो चुके है। मुझे गर्व है कि यह काम हमारे कार्यकर्ताओं जो पार्टी की ताकत हैं, उनके परिश्रम से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने हमें जो काम दिया है, उसे करने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है और मैदान में उतर गया है।


नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में भाजपा जीत का इतिहास रचेगी
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने गरीबों का हक छीनने का काम किया, लेकिन जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चौथी बार सरकार बनी, तब प्रदेश के कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से 28 विधानसभा के उपचुनाव में प्रचंड बहुमत से विजय हासिल की। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ अपने कार्यकर्ताओं से कहते हैं कि ‘‘आप लोग आपस में लडने के बजाय मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का संगठन जो कि इतना मजबूत है, उनके संगठन को देखते हुए हमें भी जमीन पर जाकर कुछ काम करना होगा’’ भाजपा की यह ताकत कार्यकताओं की ताकत है। कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में मैदान छोड़कर भाग गये हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा जी को कार्यकर्ताओं की और से आश्वस्त करते हुए कहा कि आपके आशीर्वाद और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हमारे कार्यकर्ता 23 हजार पंचायत, 16 नगर निगम, नगर पालिका चुनाव में प्रचंड बहुमत से विजयी होकर जीत का इतिहास रचेंगे।


प्रदेश संगठन महामंत्री ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की
वृहद कार्यसमिति में पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने प्रदेश में संपन्न हुए बूथ विस्तारक योजना एवं समर्पण निधि अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन के आठ वर्ष पूर्ण हुए है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मोर्चा, प्रकोष्ठ संपर्क अभियान के माध्यम से प्रतिदिन 10 दिनों तक 10 घंटे संगठन कार्य में जुटेंगे और किसान, महिला, युवा, योजनाओं के लाभार्थियों सहित समाज के सभी वर्गो से संपर्क करेंगे। 21 जून को प्रत्येक जिले के 75 स्थानों पर पार्टी एवं मोर्चा मिलकर सामूहिक योग के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। आगामी समय में सभी मोर्चो के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे है। इस वर्ष हर घर राष्ट्रध्वज कार्यक्रम चलेगा, जिसके अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता घर घर पहुंचकर राष्ट्रध्वज लगायेंगे। कार्यसमिति में पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने पिछली कार्यसमिति की पुष्टि की। प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यसमिति का राजनैतिक प्रस्ताव प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने रखा जिसका समर्थन अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र पटेल एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी ने किया। मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने किया।


ये थे मंचासीन
वृहद प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश सह प्रभारी श्रीमती पंकजा मुंडे, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गनसिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, प्रदेश शासन के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या राय उपस्थित थी।