हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले में नेशनल हाईवे पर शनिवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 4 लोगों की मौत, 10 लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। हादसा खानपुर कोलिया गांव के पास हुआ। जहां एक ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।

गांव भैंसी व सोलु माजरा की महिलाएं, पुरुष व बच्चे ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर गांव हाबना में एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहे थे। जीटी रोड के पास चालक ट्रैक्टर को रोककर रास्ता पूछने लगा। इतनी ही देर में पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मार दी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया। हादसे की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया। घायलों के उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। शवों को LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र में रखवाया गया है।