भोपाल ।    नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए चीतों के नामकरण के बाद सरकार कूनो पार्क में पैदा हुए चार शावक चीतों का नामकरण कर रही है। इसके लिए आमजन से नाम मांगे गए हैं। इसके लिए मायगव पोर्टल पर एक से 30 अप्रैल तक 3817 लोगों ने नाम सुझाए हैं। नामों की घोषणा भी पिछली बार की तरह केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव करेंगे। बता दें कि इन चीतों का जन्म मार्च में हुआ है। इन्हें नामीबिया से लाई गई मादा चीता ज्वाला (पहले का नाम सियाया) ने जन्म दिया है। शावक करीब डेढ़ माह के हो गए हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं।

प्रधानमंत्री ने मन की बात में किया था आह्वान

पहली बार नामीबिया से 17 सितंबर 2022 को आठ चीते लाए गए थे, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्रेवल बाक्स से कूनो के क्वारंटाइन बाड़ों में आजाद किया था। इसके बाद 25 सितंबर 2022 को 'मन की बात' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने देश की जनता से चीतों का नामकरण करने का आह्वान किया था। इस प्रतियोगिता में 11,565 लोगों ने सुझाव दिए थे, जिन पर चीतों का नामकरण किया जा चुका है। बता दें कि नर चीता उदय और मादा चीता साशा की मौत हो चुकी है।