स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां होने के बाद ट्राईसिटी के लोग अपनों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं। शहर के लोग चंडीगढ़ के साथ लगते पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ निकल रहे हैं। चंडीगढ़ के साथ लगते हिल स्टेशन कसौली, सोलन, शिमला, कुफरी और चैल जैसे हिल स्टेशन ट्राईसिटी के लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। यही वजह है कि वीकेंड पर शहर के लोग बड़ी संख्या में इन हिल स्टेशनों पर फैमिली और फ्रेंड्स के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करते हैं।

वीकेंड पर पहाड़ों का क्रेज इस कदर बढ़ गया है कि बीते 24 घंटे में पंचकूला के चंडीमंदिर टोल प्लाजा से 42,900 वाहन गुजरें हैं। यह आंकड़ा शुक्रवार रात 12 बजे तक का है। टोल प्लाजा कर्मियों ने बताया कि आम दिनों में 30 से 35 हजार वाहन रोजाना टोल प्लाजा से गुजरते हैं। वहीं वीकेंड पर वाहनों की संख्या में इजाफा हो जाता है।

इन दिनों स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। ऐसे में लोग परिवार के साथ घूमने के लिए नजदीकी पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ निकलते हैं। चंडीगढ़ के 100 किमी दायरे में कई हिल स्टेशन हैं जहां लोग वीकेंड पर घूमने के लिए पहुंच जाते हैं। चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला के अलावा दिल्ली, पंजाब व हरियाणा के दूसरे शहरों के लोग भी वीकेंड पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और आसपास की जगहों पर घूमने के लिए खासे उत्साहित रहते हैं।

चंडीगढ़ से सबसे नजदीक कसौली हिल स्टेशन है। महज 40 मिनट की दूरी तय कर कसौली पहुंच सकते हैं। वहीं चंडीगढ़ से बड़ोग की दूरी 60 किमी है। यह जगह चीड़ और देवदार के पेड़ों से घिरी हुई है और छुट्टियां बिताने के लिए एक शानदार जगह है। इसके अलावा कुफरी, चैल, सोलन जैसी कई खूबसूरत जगह हैं जहां लोग वीकेंड पर घूमने के लिए जाते हैं।