महाराष्ट्र में यातायात पुलिस सड़क हादसों को रोकने के लिए हर अथक प्रयास कर रही है, लेकिन हर कोशिशों के बावजूद भी राज्य में सड़क हादसों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। प्रदेश में हो रही सड़क दुर्घटनाओं और इससे होने वाली मौतों के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। महाराष्ट्र में वर्ष 2022 में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 15 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। जबकि हजारों लोग घायल हुए हैं। ये आंकड़े राज्य राजमार्ग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जारी कर बताए हैं।

चौंकाने वाले आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल सड़क हादसों में मरने वाले लोगों में 57% बाइकरों ने अपनी जान गंवाई है, जबिक 21% पैदल चलने लोग भी सड़क हादसों का शिकार हुए हैं। यह आंकड़ा कम होने की बजाए बढ़ ही रहा है। साल 2023 के केवल चार महीनों में ही यानी जनवरी 2023 से अप्रैल 2023 तक, राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में 4,922 लोगों की मौत हुई है, जबकि 6,845 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

राज्य राजमार्ग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूरे महाराष्ट्र में 2022 में सड़क हादसों में 15,224 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। इसके मुताबिक, राज्य में हर दिन औसतन 41 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। आंकड़ों के अनुसार, साल 2019 में 32,925 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं। वहीं पिछले साल 2022 में करीब 33,069 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। 2019 की तुलना में 2022 में दुर्घटनाओं की संख्या में 0.44 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। वहीं, मृत्यु दर में 16.38 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।