रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित कडरू पुल के नीचे पुलिस ने शुक्रवार को एक पेड़ से लटकता सेना के जवान मनोज सिंह का शव बरामद किया। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही बिंदुओं पर जांच कर रही है। जवान के शरीर पर कमीज नहीं थी। हालांकि, जवान का बैग पेड़ के पास ही पड़ा था। डोरंडा थाना की पुलिस का कहना है कि फोन पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और बैग की तलाशी ली तो पता चला कि शव सेना के जवान मनोज सिंह का है। मनोज सिंह की पोस्टिंग जमेशदपुर के सोनारी में थी। जवान छुट्टी लेकर दो दिन पहले रांची स्थित आर्मी कैंप पहुंचा था। मनोज मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है। उसे उत्तराखंड जाना था।

उत्तराखंड जाने के लिए निकला, लेकिन स्टेशन नहीं पहुंचा
पुलिस का कहना है कि गुरुवार को जवान आर्मी कैंप से शाम छह बजे रांची स्टेशन के लिए निकला था। रात 12 बजे उसे रांची रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर उत्तराखंड जाना था, लेकिन जवान स्टेशन नहीं पहुंचा। वह कडरू पुल के नीचे कैसे पहुंच गया और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद इसका पर्दाफाश हो जाएगा कि जवान की मौत किस वजह से हुई है। जवान के शरीर पर चोट के निशान हैं। जवान का शव मिलने के बाद पुलिस ने इसकी सूचना आर्मी कैंप को दी। आर्मी के कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

ट्रेन का टिकट बरामद, कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
डोरंडा थाना की पुलिस ने मृतक जवान मनोज सिंह के पास से ट्रेन का टिकट बरामद किया है। पुलिस ने घटना की जानकारी जवान के घरवालों को दे दी है। जवान के मोबाइल का काल डिटेल खंगाला जा रहा है। इससे स्पष्ट होगा कि आर्मी कैंप से निकलने के बाद जवान ने किन-किन लोगों से बात की।

जवान घटना स्थल के पास कैसे पहुंचा। उसकी हत्या हुई है तो किसी एक व्यक्ति से अधिक लोगों का हाथ होगा। जवान ने आत्महत्या की है तो उसका कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। जवान के शरीर के ऊपरी हिस्से में कोई कपड़ा नहीं था।