बिलासपुर। सूर्य का सितम अभी जारी है। अप्रैल में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। 24 दिनों में पारा सिर्फ दो बार 40 डिग्री के नीचे पहुंचा है। रविवार को धूप की आंच ने खूब तपाया। अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि 22 अप्रैल को पारा 34 डिग्री पर आ गया था। मौसम विभाग ने अब चेतावनी जारी कर कहा है कि आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। दक्षिणी हवाओं के प्रकोप से गर्म हवाएं चलेंगी। यही कारण है कि दिन चढ़ने के साथ गर्मी का अहसास होने लगा है।मौसम विभाग की मानें तो गर्मी ऐसा ही रहा तो गीष्म लहर (लू) की भी संभावना है। लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में उत्तर से हवा व दक्षिणी क्षेत्र में दक्षिण से हवा आ रही है। 25 अप्रैल को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।