पूरे राज्य में लौटते मानसून ने एक बार फिर मौसम के मिजाज को बदल दिया है। वहीं, दूसरी ओर दुर्गा पूजा की तैयारियां भी बेपटरी होने लगी हैं।

पूरे शहर में दो दर्जन से अधिक जगहों पर भव्य व बड़े पंडाल तैयार किए जाते हैं। वॉटरप्रूफ पंडाल बनाने में भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान की माने तो राज्य से मानसून की विदाई 12 से 13 अक्टूबर तक होगी, लेकिन गत दिनों बंगाल की खाड़ी से उठे साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर पिछले चार पांच दिनों से पूरे राज्य में देखा जा रहा है।

ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि मानसून तय समयसीमा से दो तीन दिनों की देरी से लौटेगा। वरीय विज्ञानी बताते हैं कि मानसून की वापसी में दो तीन दिनों की देरी भी होगी तो दुर्गा पूजा में वर्षा होने की संभावना कम ही है। यद्यपि तापमान में गिरावट जरूर दर्ज की जाएगी।

बताया कि सुबह और शाम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट होगी। बता दें कि मानसून प्रवेश के दो माह तक भले ही वर्षा कम हुई हो, लेकिन विदाई की बेला में मानसून ने जबरदस्त तरीके से अपनी उपस्थिति दिखाई है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर पूरे राज्य में दिखाई दिया। इसका असर 9 अक्टूबर तक पूरे राज्य में देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के दौरान पूरे राज्य में कहीं 70 तो कहीं 150 मिमी वर्षा हुई है। मानसून की विदाई काफी अच्छी साबित हो रही है। शहर के डैम लबालब पानी से भरे हैं।

वर्षा के कारण सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। डैम के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है और जरूरत पड़ने पर डैम के फाटक को खोलने की तैयारी कर ली गई है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई है।

पूरे राज्य में मानसून अत्यधिक सक्रिय रहा। सबसे अधिक वर्षा 175.8 मिमी गोड्डा के सुंदरपहाड़ी में रिकॉर्ड की गई है, जबकि सबसे अधिक तापमान 30.8 डिग्री गढ़वा का और सबसे कम तापमान 22 डिग्री रांची में दर्ज किया गया।

अगले तीन दिनों तक कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के साथ साथ 9 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद है। 6 अक्टूबर को राज्य में कुछेक जगहों पर वर्षा होने का अनुमान है।

वहीं 7 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, गिरिडीह, साहेबगंज में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। 8 और 9 अक्टूबर को भी राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में वर्षा होने की संभावना है। बादल छाए रहेंगे और हल्की वर्षा की संभावना है, जबकि राजधानी का अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।