झारखंड में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। घने कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात चरमरा गई है। राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें 20-20 घंटे लेट चल रही हैं। गुरुवार को हवाई यातायात पर भी असर पड़ा। कोहरे के कारण रांची हवाई अड्डे की उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

गुरुवार को 19 विमानों की उड़ानें रद्द

गुरुवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस व इंडिगो के 19 विमानों की उड़ानें रद्द कर दी गईं। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम थी। 10 बजे विजिबिलिटी 400 मीटर थी।

विमानों के लैंडिंग व टेकऑफ के लिए यह पर्याप्त विजिबिलिटी नहीं है। हैदराबाद से रांची आ रहा इंडिगो का विमान भी लो विजिबिलिटी के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पर लैंड नहीं कर सका।

दिल्ली से रांची आ रहे विमान को किया गया डायवर्ट

पांच चक्कर लगाने के बाद विमान को वापस शमशाबाद डायवर्ट कर दिया गया। इस विमान से रांची से हैदराबाद जाने वाले यात्री चेक-इन कराने के बाद भी टर्मिनल भवन से बाहर निकले और अपने-अपने गंतव्य की ओर निकल पड़े। जबकि दिल्ली से रांची आ रहे विस्तारा के विमान (यूके-753) को कोलकाता डायवर्ट किया।

एयरपोर्ट पर दिखी यात्रियों की भारी भीड़

सुबह से सभी विमानों के शिड्यूल देख अधिकांश विमानों के यात्री बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि कोलकाता, पुणे, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु व हैदराबाद के लिए उड़ानें रद्द हैं।

आश्चर्य की बात यह रही कि एयरपोर्ट पर लगाए गए डिस्प्ले में इंडिगो के कुछ विमानों के आगमन व प्रस्थान से संबंधित जानकारी भी गलत दी जा रही थी।

जिन विमानों के विलंब से आने की सूचना डिस्पले बोर्ड पर दी जा रही थी, उसी विमान सेवा (इंडिगो) के काउंटर पर संबंधित उड़ान के रद्द होने की सूचना दी जा रही थी।

इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। विमानों की उड़ान रद होने की जानकारी मिलने के बाद कुछ यात्री रिफंड के लिए एयरपोर्ट के बाहर ही इंतजार करते रहे।