झारखंड में ठंड ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। सुबह और शाम में चल रही ठंडी हवाओं से सर्दी का एहसास होने लगा है। आलम यह है कि अब रात में लोगों को कंबल का सहारा लेना पड़ रहा है।

इसके अलावा, दोपहर के समय आसमान साफ व धूप खिल रही है। फिर भी हल्की ठंड का एहसास होना शुरू हो गया है। मौसम केंद्र के अनुसार, आने वाले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान और लुढ़केगा।

ठंडी हवाओं का रुख झारखंड की तरफ

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव बना हुआ है, जिसके प्रभाव से ठंडी हवाओं का रुख झारखंड की तरफ है। सुबह और शाम में ठंड का एहसास हो रहा है। निम्न दबाव की वजह से ही आने वाले तीन दिनों में कुछ जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

इन जगहों पर होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, रांची, देवघर, सिमडेगा, पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो व धनबाद में 31 अक्टूबर तक हल्की बारिश देखी जा सकती है।

इसके अलावा, अन्य जिलों में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। हालांकि, इस बीच ठंडी हवाएं चलेंगी, जिसकी वजह से लोगों को ठंड से बचने की सलाह दी गई है।

बता दें कि, मौसम में बदलाव के साथ यह शुरुआती ठंड है। इस मौसम में अक्सर तबीयत खराब होती है। आप इसे हल्के में ना लें। अपनी सेहत का विशेष तौर पर ख्याल रखें।