शाहजहांपुर जिले में सर्पदंश के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मिर्जापुर थाने के बहेरिया गांव निवासी किसान रामभजन (65) को सांप ने डस लिया। सांप डसने के बाद आधे घंटे तक तख्त के पास बैठा रहा। उसके जाने के बाद रामभजन घर गए। फर्रुखाबाद के जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को रामभजन अपने खेत में झोपड़ी में लेटे थे। तभी छप्पर से सांप गिरा और उनके दायें हाथ में डस लिया। सांप के काटने पर रामभजन ने जोर से हाथ को झटका। इसके बाद सांप झोपड़ी के गेट पर फन फैला कर बैठ गया। 30 मिनट तक सांप बैठा रहा। उसके हटने के बाद रामभजन घर गए। उन्होंने परिवार के लोगों को बताया। परिजन आनन-फानन उन्हें लेकर फर्रुखाबाद के जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना था कि सांप के डसने के बाद रामभजन अगर तुरंत ही घर पहुंच जाते तो शायद उनकी जान बच सकती थी। 
 
बारिश में बढ़ी सर्पदंश की घटनाएं 

बारिश का मौसम में सर्पदंश की घटना बढ़ी हैं। जिले में सर्पदंश से कई लोगों की जान जा चुकी है। कई लोग झाड़ फूंक में लगे रहते हैं। जबकि जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी पर एंटी स्नेक बाइट इंजेक्शन उपलब्ध रहते हैं। अगर लोगों को समय से उपचार मिल जाए तो उनकी जान बच सकती है। 

पीड़ित को तुरंत ले जाएं अस्पताल

चिकित्सकों के मुताबिक कि जहरीले सांप के काटने से काटने वाली जगह पर दर्द, अकड़न, एलर्जी, जलन, लाल होना, त्वचा के रंग में बदलाव, दस्त, बुखार, पेट दर्द, मांसपेशियों की कमजोरी, प्यास लगना, लो बीपी आदि लक्षण होते हैं। सांप के काटने पर झाड़ फूंक के चक्कर में बिल्कुल न पड़े, नहीं तो मरीज की जान जा सकती है। सांप काटने पर तुरंत पीड़ित को इमरजेंसी ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल ले जाएं।