चार हजार में गिरवी रखे मोबाइल फोन को छुड़ाने के लिए दोस्ती दुश्मनी में बदल गई। एक युवक ने साथियों के साथ मिलकर 25 वर्षीय दोस्त की हत्या कर शव को खुर्दबुर्द करने के लिए चंदभान ड्रेन में फेंक दिया। मामले में थाना लक्खेवाली पुलिस ने चार आरोपितों खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान गांव भागसर निवासी गुरपिंदर सिंह पुत्र सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। मृतक तीन दिन से लापता था और शनिवार को चंदभान ड्रेन में उसका शव तैरता हुआ मिला था।

तीन दिन पहले घर से ले गया था एक आरोपित

पुलिस को दी शिकायत में पिता सरबजीत सिंह ने बताया कि उसका बेटा गुरपिंदर सिंह शादीशुदा था। गुरपिंदर सिंह व गांव के ही रहने वाले वरिंदर सिंह ने मिलकर वरिंदर सिंह का मोबाइल फोन चार हजार रुपये में किसी के पास गिरवी रखा था, जिसके पैसे इन दोनों ने खर्च कर लिए। अब वरिंदर दबाव बना रहा था कि गुरपिंदर उसका मोबाइल वापस लेकर दे। उन्होंने बताया कि वरिंदर सिंह गांव के ही रहने वाले जानी सिंह, रविंदर सिंह उर्फ कालू को साथ लेकर गुरपिंदर को धमकियां दे रहे थे कि उसका मोबाइल वापस नहीं किया तो परिणाम अच्छा नहीं होगा। आठ जून को शाम साढ़े सात बजे काला सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह बाइक पर उनके घर आया और गुरपिंदर सिंह को साथ ले गया। इसके बाद गुरपिंदर घर नहीं लौटा। तीन दिन बाद उसका शव गली सड़ी हालत में ड्रेन से बरामद किया गया है।

गुरपिंदर सिंह के शव पर थे चोटों के निशान

शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 जून को गुरपिंदर सिंह की तलाश करते हुए वह गांव भागसर से गांव चक मद्रसा तक जा रही चंदभान ड्रेन तक पहुंचे तो एक शव तैरता मिला। पास जाकर देखा तो शव गुरपिंदर सिंह का था। गुरपिंदर सिंह के कान के ऊपर तेजधार हथियार से चोट के जख्म थे। छाती व शरीर के अन्य भागों पर भी चोटों के निशान थे।

मोबाइल की खातिर की गई है गुरपिंदर की हत्या- थाना प्रभारी

थाना प्रभारी रमन कुमार ने बताया कि आरोपित काला सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह, वरिंदर सिंह पुत्र महिंदर सिंह, जानी सिंह उर्फ देवा पुत्र दर्शन, रविंदर सिंह उर्फ कालू पुत्र इकबाल सिंह निवासी भागसर के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201, 34 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक मोबाइल की खातिर आरोपितों ने गुरपिंदर सिंह की हत्या की है। बाकी आरोपितों से हिरासत में पूछताछ की जा रही है।