दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को हरियाणा के हिसार पहुंचे। यहां आप नेता अशोक तवंर ने उनका स्वागत किया। केजरीवाल ने हिसार में मेक इंडिया नंबर वन अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देश आजादी का 75 साल का जश्न मना रहा है। मगर आज सभी के मन में एक प्रश्न है कि इन 75 सालों में कई देश हमसे आगे निकल गए। भारत पीछे क्यों रह गया। भारत दुनिया का नंबर-वन देश क्यों नहीं बन पाया।भारत अमीर देश क्यों नहीं है। भारत की बहुत बड़ी आबादी गरीब क्यों है। सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा क्यों नहीं मिलती। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत में सबसे इंटेलिजेंट लोग हैं। दुनिया की कंपनियों के टॉप पर भारतीय हैं फिर भी हम पीछे क्यों हैं। भारत में नदियां, समुद्र, पहाड़, जड़ी-बूटी सबकुछ है। सिंगापुर, जापान और जर्मनी हमसे आगे निकल गए। लोग पूछते हैं कि क्या भारत दुनिया का नेतृत्व कर सकता है। मैं कहता हूं क्यों नहीं। भारत में बहुत योग्य लोग हैं।