आगरा। आगरा में महुआ खेड़ा के युवक की हत्या उसके अपनों ने ही करोड़ों की संपत्ति पाने के लिए की थी। युवक की बहन के ससुरालीजन पर शक गहरा गया है। इसके बाद पुलिस ने युवक के बहनोई समेत अनय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस घटना का पर्दाफाश कर सकती है।

थार गाड़ी में मिला था युवक का शव

ताजगंज के महुआ खेड़ा के रहने वाले धर्मवीर यादव का शव शनिवार की सुबह नगला सिंघी के गांव ग्वारई में उसकी गाड़ी की आगे की सीट पर मिला था। गोली उसके माथे के बीचोंबीच मारी गई थी। धर्मवीर दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। धर्मवीर ने इसी वर्ष बड़ी बहन उमा की शादी नगला सिंघी थाना क्षेत्र के धीरपुरा लांघी में फौजी के साथ की थी। बहनोई का छोटा भाई भी फौज में है। उसके साथ छोटी बहन की शादी की बात भी चल रही थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो रात साढ़े 11 बजे तक उसके मोबाइल की लोकेशन आगरा के डौकी क्षेत्र में मिली। इसके बाद मोबाइल बंद गया।

छह महीने पहले बेचा था खेत का हिस्सा

स्वजन ने यह भी बताया था कि छह माह पूर्व परिवार ने खेत का कुछ हिस्सा बेचा था। इसमें से धर्मवीर को 1.27 करोड़ रुपये मिले थे। उसने 15 दिन पूर्व अपनी सफारी गाड़ी बेच कर नई महिंद्रा थार गाड़ी खरीदी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार बहन की ससुराल के गांव के पास गाड़ी में शव मिलने के बाद जांच शुरू की। बहन के ससुराली शक के घेरे में आ गए। बताया गया कि बहनोई के छोटे भाई के मोबाइल की लोकेशन धर्मवीर के मोबाइल के साथ थी। इसके बाद पुलिस ने बहनोई और उसके भाई व अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

धर्मवीर के हिस्से में थी करोड़ों रुपयों की जमीन

सूत्रों के अनुसार धर्मवीर के हिस्से में करोड़ों रुपये की जमीन थी। जिसके हथियाने के लिए धर्मवीर की हत्या की साजिश रची गई। एसपी सिटी फिरोजाबाद सर्वेश कुमार मिश्रा का कहना है कि पुलिस हत्यारों के करीब पहुंच गई है। मजबूत साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। ताकि हत्यारोपितों को कड़ी सजा दिलाई जा सके। सोमवार शाम तक पर्दाफाश हो जाएगा।

आगरा कैंट से एक गाड़ी में बैठाया था

पुलिस सूत्रों के अनुसार सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए पुलिस टीम आगरा कैंट स्टेशन तक पहुंची। पुलिस को पता चला कि आगरा कैंट से धर्मवीर ने अपने एक रिश्तेदार को गाड़ी में बैठाया था। रिश्तेदार बहन की ससुराल का ही बताया जा रहा है।

मां की बुढ़ापे की लाठी टूटी

धर्मवीर के पिता की पूर्व में दुर्घटना में मौत हो चुकी है। धर्मवीर इकलौता था। मां चंद्रवती का वह बुढ़ापे का सहारा था। उसकी हत्या के बाद चंद्रवती टूट गई हैं।