झारखंड में रांची समेत कई जिलों में झमाझम वर्षा का सिलसिला जारी है। राज्य में पिछले तीन-चार दिनों में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। हर तरफ से बारिश के चलते तबाही की कई खबरें मिली।

आलम यह था कि राज्य की कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। रांची मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों के अनुसार, 8 अक्टूबर तक राज्य के कई इलाकों में वज्रपात के साथ बारिश होने के आसार हैं। विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने 5 अक्टूबर तक के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। आज सिमडेगा, गुमला और लोहरदगा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है, जबकि 5 अक्टूबर को कई स्थानों पर गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

इसके साथ ही 6 से लेकर 8 अक्टूबर तक भी बारिश के आसार हैं, लेकिन इसके लिए अभी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। झारखंड में मानसून के सक्रिय होने की वजह से पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में लगभग सभी इलाकों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।

हालांकि, उत्तरी और निकटवर्ती मध्य भागों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और उत्तर-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा 191.5 मिलीमीटर गढ़वा के भवनाथपुर में हुई।