नाभा के करतारपुरा मोहल्ले में एक युवक ने अपनी 43 साल की भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले चाकू से वार किए फिर मुंह में जबरन सल्फास डाल दिया। पुलिस ने देवर को गिरफ्तार कर लिया है। 

नाभा के डीएसपी ने बताया कि आरोपी की पहचान संजीव कुमार के तौर पर हुई है, जो करियाना की दुकान चलाता था। मृतका का नाम सुनीता रानी है। एक दिन पहले ही सुनीता व उसके पति राजेश कुमार ने अपनी शादी की वर्षगांठ मनाई थी।

जानकारी के मुताबिक रविवार को सुनीता अपने कमरे में मौजूद थी और उसकी बेटी घर की छत पर सैर कर रही थी। बेटा बाजार गया हुआ था और पति राजेश किसी काम से पटियाला में था। इसी बीच सुनीता की अपने देवर के साथ किसी बात पर लड़ाई हो गई, जो उनके साथ ही रहता था। तैश में आकर संजीव ने चाकू से भाभी के पेट में वार किए। इसके बाद मुंह में जबरन सल्फास डाल दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सुनीता रानी के शरीर पर गहरे चोट के निशान हैं। मृतका के भाई मनीश चंद्र के मुताबिक उनकी बहन की हत्या उसी के देवर ने है। वहीं, मृतका की बेटी महक व बेटे आशु ने बताया कि चाचा हमेशा ही उनकी मां के साथ लड़ता-झगड़ता रहता था और जान से मारने की धमकियां भी देता था। रविवार रात को चाचा ने उनकी मां की हत्या कर दी।

एसएसटी नगर मार्केट में रविवार देर रात 20 साल के एक युवक को तेजधार हथियारों से मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक की पहचान प्रिंस निवासी गांव चौरां सन्नौर रोड के तौर पर हुई है। थाना लाहौरी गेट पुलिस ने करीब छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। प्रिंस अपने घर पर सो रहा था, इसी बीच रविवार रात करीब 10 बजे उसके कुछ दोस्त उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। यहां राजपुरा रोड स्थित एसएसटी नगर मार्केट में पीएनबी बैंक के बाहर प्रिंस व उसके दोस्तों की लड़कों के एक गुट के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई।

इसी दौरान कार में सवार होकर आए युवकों ने तलवारों से प्रिंस पर हमला करके बुरी तरह से घायल कर दिया। प्रिंस के दोस्त उसे तुरंत राजिंदरा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक प्रिंस के दादा गुग्गा माडी चौरां में सेवादार हैं, वह ज्यादातर समय अपने उनके साथ ही रहता था।