अयोध्या। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के दिन रामलला सोने के धागे से निर्मित वस्त्र धारण करेंगे। रामलला के वस्त्र पुणे में तैयार किए जा रहे हैं। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होनी है, जिसकी तैयारी की जा रही है। 
प्राण प्रतिष्ठा के लिए राम मंदिर में साज-सज्जा का भी दौर शुरू हो चुका है। भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान रामलला को जो वस्त्र धारण कराए जाएंगे, वह पुणे में तैयार किए जा रहे हैं। रामलला की पोशाक सोने के धागे से तैयार की जा रही है। इस प्रकार रामलला के वस्त्र विशेष रहेंगे। वैसे देश और दुनिया के लोग रामलला के लिए विशेष वस्त्र समर्पित करना चाहते हैं, लेकिन राम मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि पुणे के कुछ लोग रामलला की पोशाक निर्माण का कार्य आज रविवार से शुरू कर रहे हैं। इसमें दो-दो स्वर्ण धागे जन-सहयोग से लगाए जाएंगे और पोशाक 22 दिसंबर तक तैयार हो जाएगी। राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने कहा कि संपूर्ण देश में भगवान रामलला के लिए अनेक लोग सुंदर वस्त्र तैयार करने में लगे हुए हैं। गुजरात के साथ-साथ कई अन्य जगहों पर भी इन वस्त्रों को तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उस समय जो भी वस्त्र सबसे अच्छा लगेगा, वही रामलला धारण करेंगे।