आईआईटी आईएसएम में वेज और नाॅन वेजिटेरियन खाने को लेकर जारी गतिरोध खत्म होने को है। आईआईटी आईएसएम में एमटेक छात्रों और रिसर्च स्काॅलर्स के हाॅस्टल में विद्यार्थियों और हाॅस्टल प्रबंधन के बीच नाॅनवेज और वेजिटेरियन खाने को लेकर जारी गतिरोध को देखते हुए दोनों पक्षों के बीच संस्थान के डीएसडब्ल्यू प्रो. एमके सिंह मध्यस्थता कर रहे हैं।

मान ली गईं विद्यार्थियों की मांगें

उन्होंने गुरुवार को दोनों पक्षों के साथ बैठक की। इसमें वेजिटेरियन विद्यार्थियों की कई मांगें मान ली गई हैं। सबसे बड़ी मांग विद्यार्थियों की मेस कमेटी को फिर से बहाल करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में मेस कमेटी के सदस्यों को भी बुलाया गया था। अधिकारियों ने छात्रों को भरोसा दिया कि प्रबंधन वेजिटेरियन और नाॅन वेजिटेरियन छात्रों को अलग-अलग डाइनिंग हाॅल में बैठने की मांग पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

वेजिटेरियन और नाॅन वेजिटेरियन के अलग बैठकर खाने पर विचार

इस व्यवस्था को प्रयोग के तौर पर शीघ्र ही लागू करने का निर्णय लिया गया। यह भी कहा कि अगर यह प्रयोग सफल रहा, तो आगे स्थाई तौर पर यह व्यवस्था लागू की जाएगी।

संस्थान में वेजिटेरियन और नाॅन वेजिटेरियन भोजन पर हुए विवाद की बात सामने आने पर हाॅस्टल प्रबंधन बैकफुट पर आ गया था।

प्रबंधन की ओर से छात्रों को भरोसा दिया गया है कि प्रबंधन किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं चाहता है। यदि वेजिटेरियन और नाॅन वेजिटेरियन छात्र अलग-अलग डाइनिंग हाल में बैठकर खाना खाना चाहते हैं, तो प्रबंधन इस पर कोई विचार करेगा।