मुंबई। मुंबई में भारी बारिश का कहर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है, जिसमें शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। महाराष्ट्र के पालघर और ठाणे में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर शुक्रवार को सभी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

मुंबई के लिए 'रेड' अलर्ट जारी

आईएमडी ने शुक्रवार यानी आज सुबह 8:30 बजे तक मुंबई के लिए 'रेड' अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, मुंबई शहर और आसपास के इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मुंबई के सात झीलों में से एक मोदक सागर झील गुरुवार रात 10:52 बजे ओवरफ्लो होने लगी।

बता दें, तुलसी झील, वेहर झील और तानसा झील के बाद मुंबईवासियों के लिए यह चौथी ताजा पानी की आपूर्ति करने वाली झील है। अधिकारियों ने कहा कि जलग्रहण क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण, तानसा बांध ओवरफ्लो होने लगा और इसके 15 गेट खोल दिए गए, जहां से 1,65,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। पड़ोसी पालघर जिले में धामनी बांध से 8,400 क्यूसेक और कवाडास बांध से 21,100 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

बारिश के बीच स्कूल बंद

क्षेत्र में भारी बारिश की भविष्यवाणी के बीच ठाणे और पालघर प्रशासन ने शुक्रवार को स्कूलों, जूनियर कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। महाराष्ट्र में ठाणे जिले के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश हुई, जिससे इलाके में जल-जमाव जैसी स्थिति बन गई।

कई परिवारों को आवासीय क्षेत्रों से सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया। वहीं, ठाणे जिले के कलवा कस्बे में तेज बारिश के बीच मछली पकड़ने के दौरान एक 32 वर्षीय व्यक्ति एक खाड़ी के पास उफनते नाले में बह गया। एजेंसी को अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण ठाणे जिले के भिवंडी और मीरा भयंदर के कई निचले इलाके, जबकि पालघर जिले के वसई और विरार जलमग्न हो गए।

रेलवे हुआ प्रभावित

मुंबई में भी गुरुवार को भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक जाम देखने को मिला। वहीं, पश्चिमी और मध्य रेलवे दोनों की उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में देरी हुई।

माटुंगा, डीएन नगर, बायकुला, ट्रॉम्बे, आजाद मैदान, कांदिवली, कालबादेवी, ओशिवारा, दहिसर, मगाथाने में जल-जमाव देखा गया, इनमें से अधिकांश क्षेत्रों में लगभग आधा फीट पानी भर गया था। बारिश के कारण पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं पूरे दिन 10-15 मिनट की देरी से चलीं है।