माराफारी थाना क्षेत्र की सिवनडीह डुमरो निवासी 40 वर्षीय अनीषा परवीन को जमीन विवाद में मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने केरोसिन छिड़क कर जला दिया। करीब 90 प्रतिशत झुलसी महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से बीजीएच भेजा गया। वह जिंदगी और मौत से जूझते हुए उसने आखिरकार दम तोड़ दिया।

जमीन विवाद में घर पर हुआ हंगामा

मां को बचाने में पुत्र इम्तियाज अली का हाथ झुलस गया। इससे पहले आरोपितों ने घर में तोड़फोड़ भी की। घटना का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। इम्तियाज के अनुसार मां घर पर नहीं थी।

मोहल्ले के करमा मांझी के साथ 15-20 लोग आ गए और घर खाली करने को कहा। मना करने पर घर में तोड़फोड़ करने लगे।

इम्तियाज ने कहा कि मां को आ जाने दीजिए, लेकिन आरोपितों ने तोड़फोड़ बंद नहीं की। उसने मां को फोन कर बुलाया। कुछ देर में वह आ गई। तब तक आरोपितों ने दरवाजा उखाड़ दिया था।

इम्तियाज ने बताया कि मां के आने पर उन लोगों ने उसके शरीर पर केरोसिन फेंक कर आग लगा दी। साथ ही धमकी दी कि भाग जाओ, नहीं तो तुमको भी जला देंगे। वह मां को बचाने लगा। उसने यह भी कहा कि जमीन विवाद किससे और क्यों है, इसकी जानकारी उसे नहीं है। उसके पिता बाहर रहते हैं।

आरोप लगाया कि करमा मांझी, उसकी पत्नी-बेटी के साथ नानी जबीन भी इस साजिश में शामिल है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक ने बताया कि महिला 80 से 90 प्रतिशत तक झुलसी थी। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया, लेकिन बॉडी अधिक झुलस जाने के कारण बचाया नहीं जा सका। बीजीएच में पुलिस ने महिला का बयान लिया था। महिला की मौत के बाद कई अन्‍य लोगों ने खूब हंगामा किया।