यूक्रेन की पहली उप विदेश मंत्री एमिन झापरोवा भारत में चार दिनों की यात्रा पर हैं। झापरोवा सोमवार को राजधानी नई दिल्ली पहुंची। पिछले साल फरवरी में रूसी आक्रमण शुरू होने के बाद झापरोवा की यह पहली आधिकारिक यात्रा है।

अपने इस चार दिवसीय यात्रा के दौरान वह भारत के विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा से बातचीत करेगी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि झापरोवा विदेश और संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी और उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिस्री से भी मिलेंगी। 

भारत पहुंचकर यूक्रेन की उप विदेश मंत्री झापरोवा ने कहा- "भारत को अपने ऊर्जा संसाधनों, सैन्य अनुबंधों और राजनीतिक बातचीत में विविधता लाने में व्यावहारिक होना चाहिए। पीएम मोदी की लोकतंत्र की नीतियां , संवाद और विविधता,  "युद्ध का कोई युग नहीं" और रणनीतिक अनुप्रयोग की नीति वास्तव में काफी महत्वपूर्ण है।"

रिपोर्ट के अनुसार झापरोवा पीएम मोदी को कीव आने का न्योता भी दे सकती है। इसी साल जी20 की अध्यक्षता करने वाले भारत ने यूक्रेन पर आक्रमण करने वाले अपने मित्र देश रूस को दोष देने से इनकार कर दिया था। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद से ही पीएम मोदी ने  रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से कई बार बात की है। इस बातचीत के दौरान भारत ने कहा है कि कूटनीति और बातचीत ही इस संघर्ष का एकमात्र हल है।